सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में आयोजित भाजपा का दीपावली मिलन समारोह विवादों के घेरे में आ गया। दरअसल, कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और पत्रकारों के बीच जमकर तनातनी हो गई। देखते ही देखते समारोह का माहौल गर्म हो गया और मामला इतना बढ़ा कि, पुलिस को बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा। कार्यक्रम में मौजूद प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी स्थिति को संभालते और लोगों को शांत कराने की कोशिश करते नजर आए।
सुभाष जालान और जीतू गुप्ता की बहस का वीडियो बनाने पर बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष जालान और जीतू गुप्ता के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद पत्रकार इस घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि, प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार ने पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने की बात कही और उनका मोबाइल छीनने की कोशिश किए जाने का भी आरोप सामने आया। इसी बात को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया।
पत्रकारों ने लगाए नारे, माहौल हुआ गरम
पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोकने के कथित प्रयास से नाराज पत्रकारों ने कड़ा विरोध जताया। देखते ही देखते भाजपा नेताओं और पत्रकारों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आक्रोशित पत्रकारों ने समारोह में ही ‘पत्रकारों का अपमान नहीं सहेंगे’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। वहीं प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा भी दोनों पक्षों को समझाते और विवाद को शांत कराने का प्रयास करते दिखाई दिए।
प्रेस क्लब ने उठाई सार्वजनिक माफी की मांग
घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है। प्रेस क्लब ने प्रदेश मंत्री एवं जिला सह प्रभारी विद्यावती सिदार से सार्वजनिक रूप से पत्रकारों से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
