Advertisement Carousel

नशा, जुआ और सट्टे के कारोबार पर भड़का आक्रोश, राठौर समाज ने पुलिस से मांगी सख्त कार्रवाई

Woman Express
3 Min Read

पेंड्रा। जिले में कथित नाइट्रा गैंग, नशे और सट्टे के अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों की नाराजगी सामने आई है। इन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर नर्मदांचल राठौर क्षत्रिय समाज के सैकड़ों लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

युवाओं को नशे और जुए की गिरफ्त में फंसाने का आरोप
समाज के संरक्षक बृजलाल सिंह राठौर, जीवन सिंह राठौर और अध्यक्ष कैलाश राठौर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में कथित नाइट्रा गैंग के ठिकानों पर देर रात तक जुआ, सट्टा और नशे जैसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसकी चपेट में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ दिहाड़ी मजदूर भी आ रहे हैं, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

चोरी, मारपीट और महिलाओं से छेड़छाड़ को लेकर चिंता
समाज ने बताया कि इन ठिकानों के आसपास देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे चोरी, मारपीट, अवैध वसूली और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। वहीं नशे और जुए की लत के कारण कई परिवार आर्थिक परेशानियों और घरेलू विवादों का सामना कर रहे हैं।

मेडिकल स्टोर की भूमिका की जांच की भी मांग
ज्ञापन में कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों की कथित संलिप्तता की जांच कराने की मांग भी की गई है। इसके साथ ही देर रात तक होने वाले शोर-शराबे से आम नागरिकों और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा उठाया गया। समाज का कहना है कि पहले भी पुलिस प्रशासन को इन गतिविधियों की जानकारी दी गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।

छापेमारी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
राठौर समाज ने पुलिस अधीक्षक से कथित नाइट्रा गैंग के ठिकानों पर तत्काल छापेमारी करने, अवैध कारोबार के मुख्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। अब ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है, इस पर स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *