Delhi IGI Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनलों पर सतर्कता बरतते हुए सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों ने नशा तस्करी का पर्दाफाश कर दिया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली कस्टम टीम ने टर्मिनल-3 पर बैंकॉक से आए 2 भारतीय यात्रियों को भारी मात्रा में संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से बरामद मादक पदार्थ की कुल मात्रा 26.67 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9.33 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जब बैंकॉक से उड़ान संख्या AI2335 के माध्यम से 2 भारतीय नागरिक IGI हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पहुंचे। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने संदिग्ध प्रोफाइलिंग और खुफिया इनपुट के आधार पर दोनों यात्रियों पर कड़ी निगरानी रखी। यात्री जब बिना सीमा शुल्क चुकाए जाने वाले ‘ग्रीन चैनल’ को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और उनके सामान की एक्स-रे स्क्रीन तथा गहन तलाशी ली।
26 पॉलीथीन पाउच बरामद
अधिकारियों ने जब यात्रियों के पास मौजूद 2 ट्रॉली बैगों की जांच, तो उसमें भीतर छुपाकर रखे गए हरे रंग के पदार्थ से भरे कुल 26 पॉलीथीन पाउच बरामद किए गए। हर बैग में 13-13 पाउच बेहद शातिर तरीके से पैक करके रखे गए थे। जब इन पाउचों में मौजूद सामग्री का प्राथमिक परीक्षण किया गया, तो परीक्षण रिपोर्ट में मारिजुआना v हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक वीड की पुष्टि हुई।
अधिकारियों ने तस्करी के आरोपी दोनों यात्रियों को अधिनियम की धारा 43(b) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। कस्टम विभाग ने एनडीपीएस कानून की धारा 8 (प्रतिबंधित पदार्थों पर रोक), 20 (गांजे से जुड़े अपराध), 23 (तस्करी एवं अवैध आयात) और 29 (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि भारत में फैले अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का पता लग सके।
