Single Post Advertisement

उबर कैब में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से बदसलूकी का आरोप, किराये के विवाद ने लिया खतरनाक मोड़

Woman Express
4 Min Read

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में उबर कैब के ड्राइवर पर महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ बदसलूकी करने, कार में लॉक करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीड़िता तनीषा के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आने के लिए उन्होंने कैब बुक की थी। ऐप पर करीब 625 रुपए किराया दिखाया गया, लेकिन ट्रिप पूरी होने के बाद ड्राइवर ने 1,479 रुपए मांगे। महिला ने अतिरिक्त किराया देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।

तनीषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके उबर और गुरुग्राम पुलिस से शिकायत की। मामले में उबर ने आरोपी ड्राइवर जमील का अकाउंट ब्लॉक कर दिया है। वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने महिला से संपर्क विवरण मांगा है और मामले की जांच शुरू की है।

रैपिडो का स्क्रीनशॉट दिखाकर मांगे 1,479 रुपए
तनीषा के अनुसार, उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम स्थित अपने घर जाने के लिए उबर कैब बुक की थी। करीब 20 मिनट की यात्रा के लिए ऐप पर लगभग 625 रुपए किराया दिखाया गया था।

महिला का आरोप है कि यात्रा पूरी होने पर ड्राइवर ने दूसरी कैब सर्विस रैपिडो का स्क्रीनशॉट दिखाया, जिसमें 1,479 रुपए किराया दर्ज था। ड्राइवर ने उनसे इतनी रकम देने को कहा। तनीषा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने उबर कैब बुक की थी, इसलिए वह ऐप पर दिखाए गए किराए का ही भुगतान करेंगी।

पैसे देने के बाद कार लॉक करने का आरोप
महिला ने बताया कि उन्होंने उबर ऐप पर दिख रहे करीब 625 रुपए का भुगतान कर दिया। इसके बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर कार लॉक कर दी और उनका सामान बाहर निकालने से मना कर दिया।

तनीषा का आरोप है कि जब उन्होंने अपना सामान निकालने की कोशिश की तो ड्राइवर ने उनका हाथ पकड़ लिया और खिड़की बंद कर दी। इस घटना के दौरान ड्राइवर ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता भी की।

घर तक पीछा करने और धमकी देने का आरोप
तनीषा के मुताबिक, किसी तरह सामान निकालने के बाद जब वह अपने घर के अंदर जाने लगीं तो ड्राइवर उनके पीछे आ गया। आरोप है कि उसने घर का गेट खोलने की कोशिश की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ड्राइवर गेट पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था।

पीड़िता के अनुसार, घटना गुरुग्राम में सुबह करीब 4:45 बजे हुई। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय उन्होंने उबर के सेफ्टी सपोर्ट से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ऐप पर उन्हें सहायता का विकल्प नहीं मिला।

उबर ने ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक किया
तनीषा ने सोशल मीडिया पर घटना का विवरण साझा करते हुए उबर और गुरुग्राम पुलिस को टैग किया। इसके बाद उबर इंडिया सपोर्ट ने 26 अक्टूबर को उनकी शिकायत पर जवाब दिया और बताया कि मामले में कार्रवाई की गई है। कंपनी ने आरोपी ड्राइवर जमील का अकाउंट ब्लॉक कर दिया।

वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए महिला से आगे की कार्रवाई के लिए डायरेक्ट मैसेज के जरिए संपर्क विवरण साझा करने को कहा।

फिलहाल, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई से आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *