CG News: सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी ने जिले के एक शिक्षक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा मिडिल स्कूल में काम करने वाले शिक्षक हेमंत कुमार बेदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोप है कि उन्होंने फेसबुक पर हिंदू धर्मग्रंथों, ऋषि मुनियों और देवी देवताओं को लेकर ऐसी बातें लिखीं, जिनसे बड़ी संख्या में लोगों की भावनाएं आहत हो गईं.
यह है पूरा मामला
पूरा मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना इलाके का है. पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी. इसमें धर्म से जुड़े विषयों पर विवादित दावे किए गए थे. पोस्ट सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया. विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने 17 अक्टूबर को कुनकुरी थाने पहुंचकर इस मामले में लिखित शिकायत दी. उनकी उम्र 54 वर्ष बताई गई है और वे चराईडांड़ के रहने वाले हैं.
शिकायत में कहा गया कि हेमंत बेदी नाम के फेसबुक अकाउंट से आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई थी. इससे समाज में तनाव का माहौल बन रहा था. पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया और तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी.जांच के दौरान पता चला कि आरोपी शिक्षक कांसाबेल के ग्राम बिहावत का निवासी है. उसकी उम्र 52 साल है.
पुलिस को देखते ही भागने लगा
पुलिस की टीम जब उसे नोटिस देने के लिए उसके गांव पहुंची तो उसने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया. टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती को स्वीकार कर लिया.पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिससे कथित पोस्ट किया गया था. इसके बाद 17 अक्टूबर को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और समाज में नफरत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी.
