Anil Pandit Bishnoi Gang: एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार (18 अक्टूबर) को मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. आरोपियों ने अभिनेता की कार पर 5 राउंड गोलीबारी की. इस हमले में टाइगर तो सुरक्षित बच गए लेकिन उनके ड्राइवर घायल हो गए. इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने ली है. एक ऑडियो क्लिप जारी करके उसने कहा कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा उस हर शख्स को निशाना बनाया जाएगा.
आखिर कौन है अनिल पंडित?
अनिल पंडित, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा है. वह मूल रूप से हरियाणा के पानीपत में रहने वाला है. अब तक उस पर कोई मामला दर्ज नहीं है और ना ही उसका नाम किसी बड़े क्राइम में सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2024 में पंडित डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा था. इसके बाद वह बिश्नोई गैंग से जुड़ा गया. बताया जाता है कि उसने गैंग के पुराने मेंबर रणदीप मलिक की जगह ली है और लगातार लॉरेंस के नाम पर धमकियां देता है. जानकारी के मुताबिक उसे सीधे लॉरेंस बिश्नोई से ऑर्डर नहीं मिलते हैं.
अनिल पंडित का मुख्य संचालक हरी चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर है. हैरी 2022 से अमेरिका में रहकर काम कर रहा है. इस पर भारत में रंगदारी और जानलेवा हमला समेत कई मामले दर्ज हैं.
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग
साल 2024 में मुंबई स्थित ग्लैक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हुई थी. इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली थी. बाइक सवार आरोपियों ने दो राउंड गोलियां चलाई थीं. काला हिरण मामले में बिश्नोई गैंग की ओर से सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है.
