Opposition MP March Today: दिल्ली में जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सागर रत्ना रेस्टोरेंट में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे समेत कई अन्य नेताओं लंच किया. लंच में प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डेरेक ओ ब्रायन, महुआ मोइत्रा जैसे दिग्गज चेहरे भी पहुंचे थे. लेकिन सपा की तरफ से कहा गया कि उन्हें इसका न्योता नहीं दिया गया था. लंच के बाद राहुल गांधी तमाम नेताओं के साथ जंतर मंतर रवाना हो गए, जहां उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
इस दौरान CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही थी. पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचते ही राहुल गांधी को बस में बिठा लिया. जबकि, प्रियंका गांधी सड़क पर ही लेट गईं और नारेबाजी करती रहीं. कई विपक्षी सांसद बस की छत पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे थे. इसके पहले, जंतर मंतर के लिए रवाना होते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मेरे ऊपर 45 FIR हैं, मैं चाहता हूं कि 100 FIR हों. हर FIR मेरे लिए एक मेडल है.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग लगाई गई थी. इसके साथ ही BNSS की धारा 163 भी लागू है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं. तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के बाद इंडिया गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है. इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हम ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं, लेकिन वे हमसे मिलना ही नहीं चाहते हैं. फिलहाल, राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद जंतर-मंतर नहीं पहुंच पाए हैं, क्योंकि पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया है.
