Railway News: Ambikapur: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. अब अंबिकापुर से दिल्ली के बीच चलने वाली अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन चलेगी. लंबे समय से की जा रही मांग के बाद आखिरकार रेलवे ने दूसरा साप्ताहिक फेरा शुरू कर दिया है.सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने आज अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के दूसरे फेरे का शुभारंभ किया है.
सप्ताह में केवल एक दिन चलती थी ट्रेन
अब तक अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस सप्ताह में केवल एक दिन चलती थी, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. त्योहार, छुट्टियों और विशेष अवसरों पर तो महीनों पहले ही सीटें फुल हो जाती थीं. कई बार लोगों को तत्काल टिकट के भरोसे रहना पड़ता था. अब दूसरा फेरा शुरू होने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.
कई शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ी
अंबिकापुर से निजामुद्दीन जाने वाली यह ट्रेन दिल्ली के साथ-साथ अनूपपुर, कटनी, सागर, झांसी, ग्वालियर जैसे प्रमुख शहरों को भी जोड़ती है. अतिरिक्त फेरा शुरू होने से इन शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी. दिल्ली समेत देश के प्रमुख शहरों के लिए आवागमन का विकल्प बढ़ेगा.
सांसद की पहल पर मिली मंजूरी
सरगुजा के लोगों की यह मांग काफी पुरानी थी. सांसद चिंतामणि महाराज ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अतिरिक्त फेरे की मांग रखी थी. सांसद ने सरगुजा की स्थिति और यहां के लोगों की दिल्ली पर निर्भरता का हवाला दिया था. इसके बाद रेल मंत्रालय ने प्रस्ताव को मंजूरी दी. इस ट्रेन के दूसरे फेरे से सबसे ज्यादा फायदा विद्यार्थियों, व्यवसायियों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा.
