Road Accident: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. शुक्रवार को ट्रक और बोलरो की जोरदार टक्कर में 3 बच्चाें समेत 8 लोगों की मौत हो गई. वहीं 3 लोग गंभीर घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हादसा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते होते हुए नागपुर की तरफ जा रहे थे. इस हादसे में ट्रक में फंसे पिकअप को निकालने के लिए 2 जेसीबी लगी है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.
हादसे में 8 लोगों की मौत
हादसे पर भंडारा पुलिस अधीक्षक, नरुल हसन ने बताया कि नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास एक ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई. तीन अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.
जेसीबी से निकाली बोलेरो
भंडारा जिले में हुआ भीषण हादसा इतना खतरनाक था कि 8 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं कार ऐसी फंस गई थी, जिसे निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी. जानकारी के अनुसार, मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे. इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और यातायात भी प्रभावित हुआ.
