PM Modi Gold Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देशवासियों से गैर-जरूरी होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए इसे देश की सामूहिक शक्ति, संकल्प और मेहनत का परिणाम बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध समेत कई तरह के संकटों का सामना कर रही है। वैश्विक स्तर पर चुनौतियों के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से विकास की इस गति को बनाए रखने और ‘मेक इन इंडिया’ तथा आत्मनिर्भरता के मंत्र को मजबूत करने की अपील की।
पीएम मोदी ने फिर क्यों कहा- सोना खरीदने से बचें?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि अगर सोने की जरूरत नहीं है तो उसे खरीदने से बचना चाहिए। उन्होंने देशवासियों से अपने खर्च और आर्थिक फैसलों में सतर्कता बरतने की अपील की। पीएम मोदी इससे पहले भी लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील कर चुके हैं। 11 मई को भी प्रधानमंत्री ने इसी तरह की अपील की थी।
7.8% आर्थिक विकास दर पर क्या बोले PM मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की 7.8% विकास दर का उल्लेख करते हुए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां आसान नहीं हैं, लेकिन इन चुनौतियों के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने इस विकास दर को भारत की सामूहिक शक्ति, संकल्प और पुरुषार्थ का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को विकास की इसी रफ्तार को आगे भी बनाए रखना होगा और आने वाले समय में इससे तेज गति से आर्थिक विकास की दिशा में काम करना होगा।
PM मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना?
अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा फैलाने और झूठ के सहारे माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, पीएम मोदी ने इस हिस्से में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। उन्होंने देशवासियों से नकारात्मकता से दूर रहते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भरता पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से ‘मेक इन इंडिया’ के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत में स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भरता को जितना अधिक बढ़ावा मिलेगा, देश उतनी ही मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा।
